
मुंबई, 28 फरवरी: दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर अब किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. वे अक्सर सोशल मीडिया के जरिए जीवन से जुड़ी सीखों को साझा करते रहते हैं. हाल ही में, उन्होंने इंस्टाग्राम पर बताया कि उम्र बढ़ना डरने की बात नहीं, बल्कि जिंदगी की खूबसूरती को समझने का अवसर है.
अभिनेता ने अपनी ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वे सादगी और गहराई के साथ नजर आ रहे हैं. अनुपम ने कहा कि उम्र के साथ आने वाली झुर्रियां कमजोरी नहीं, बल्कि जीवन के अनुभवों और समझदारी का प्रतीक हैं.
उन्होंने लिखा, “ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरों में झुर्रियां समझदारी बन जाती हैं और परछाइयां कहानियां बन जाती हैं. मुझे ये तस्वीरें बहुत पसंद हैं. उम्मीद है आपको भी पसंद आएंगी.”
अनुपम खेर अक्सर ऐसे विचार साझा करते हैं, जिन्हें उनके फैंस पसंद करते हैं. वे न केवल एक अभिनेता हैं, बल्कि एक प्रेरक भी हैं, जो अपने फैंस को जीवन के अनुभवों के बारे में बताते रहते हैं.
वर्तमान में, अनुपम खेर अपनी फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं. वे जल्द ही सूरज बड़जात्या के साथ एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आएंगे, हालांकि फिल्म के टाइटल की घोषणा अभी नहीं हुई है.
इसके अलावा, अनुपम खेर फिल्म ‘खोसला का घोसला-2’ में भी दिखाई देंगे. यह फिल्म उनके करियर की 550वीं होगी और इसकी शूटिंग गुरुग्राम में चल रही है. फिल्म में अनुपम के साथ बोमन ईरानी, किरण जुनेजा, रणवीर शौरी, परवीन डाबास और तारा शर्मा भी नजर आएंगे.
अनुपम अक्सर सेट की झलकियां सोशल मीडिया पर साझा करते हैं. इस सीक्वल में पुराने कलाकारों के साथ कुछ नए चेहरे भी होंगे. फिल्म ‘खोसला का घोसला’ 2006 में रिलीज हुई थी, जिसे दर्शकों का अपार प्यार मिला था. यही कारण है कि इस फिल्म को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ रहा है.