
मुंबई, 26 फरवरी: जब भी भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और क्रांतिकारियों की चर्चा होती है, विनायक दामोदर सावरकर का नाम आदर के साथ लिया जाता है. उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर, हम उन बॉलीवुड फिल्मों पर चर्चा करेंगे जो उनके संघर्ष को दर्शाती हैं. ये फिल्में भले ही कम चर्चित रही हों, लेकिन सत्य की कहानी ने दर्शकों का दिल जीता है.
वीर सावरकर पर हिंदी और मराठी सहित कई भाषाओं में फिल्में बनी हैं. इनमें से एक है रणदीप हुड्डा की ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’, जिसमें अभिनेता ने सावरकर का किरदार निभाया. इस फिल्म को बनाने के लिए हुड्डा ने अपना घर भी बेच दिया. हालांकि, फिल्म का कलेक्शन औसत रहा और इसे विरोध का सामना करना पड़ा.
प्रियदर्शन की ‘कालापानी’ उन शुरुआती फिल्मों में से एक है, जिसमें वीर सावरकर का उल्लेख किया गया. यह फिल्म उन स्वतंत्रता सेनानियों की कहानी है, जिन्हें ब्रिटिश राज ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कैद किया. अनु कपूर ने इस फिल्म में सावरकर की भूमिका निभाई. 1996 में रिलीज हुई ‘कालापानी’ मलयालम सिनेमा की क्लासिक फिल्मों में गिनी जाती है.
साल 2001 में आई ‘वीर सावरकर’ भी एक महत्वपूर्ण फिल्म थी. इसके गुजराती संस्करण को भी रिलीज किया गया था. यह फिल्म संगीतकार सुधीर फडके द्वारा बनाई गई थी और शैलेंद्र गौर ने सावरकर का किरदार निभाया.
2015 में रिलीज हुई ‘व्हाट अबाउट सावरकर?’ को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. यह फिल्म सीधे तौर पर सावरकर पर आधारित नहीं है, लेकिन उनसे जुड़ी हुई है. मराठी में बनी यह फिल्म अभिमान मराठे की कहानी है, जो एक भ्रष्ट मंत्री के खिलाफ आवाज उठाता है. यह फिल्म सावरकर को सम्मान दिलाने की लड़ाई को दर्शाती है.
–
पीएस/एबीएम