
नई दिल्ली, 13 मार्च: मार्च का महीना अक्सर सुस्ती और कमजोरी का प्रतीक माना जाता है. इस समय नींद, बैचेनी और मौसम में बदलाव शरीर को प्रभावित करते हैं. यह केवल मौसम का असर नहीं, बल्कि शरीर में टॉक्सिन्स की वृद्धि का भी संकेत हो सकता है. टॉक्सिन्स की अधिकता शरीर को कमजोर कर देती है.
आयुर्वेद में टॉक्सिन्स को बाहर निकालने के कई उपाय बताए गए हैं. इनमें से एक सरल और प्रभावी उपाय है, जिसमें त्रिफला, गिलोय, शहद और हल्दी को गुनगुने पानी के साथ सुबह खाली पेट लेना शामिल है. ये सभी सामग्री आसानी से किचन में उपलब्ध होती हैं.
आयुर्वेद के अनुसार, त्रिफला, गिलोय और हल्दी जैसे पारंपरिक घटक पाचन तंत्र और यकृत के संतुलन में मदद करते हैं. जब पाचन सही होता है, तो शरीर की स्वाभाविक शुद्धि प्रणाली भी बेहतर तरीके से कार्य करती है. इस संतुलित मिश्रण का नियमित उपयोग शरीर को हल्का और व्यवस्थित रखने में सहायक होता है. इसके अतिरिक्त, नींबू, अदरक या सौंठ का उपयोग भी पाचन को सुधारने में मदद कर सकता है.
इस मिश्रण में त्रिफला आंतों की सफाई करती है और गंदे बैक्टीरिया को खत्म कर मल को निकालने में मदद करती है. गिलोय को आयुर्वेद में त्रिदोषों के संतुलन के लिए जाना जाता है. यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है और पेट तथा लिवर के कार्य को सुधारता है. शहद आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों के प्रभाव को बढ़ाता है, जबकि हल्दी प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ गंदे बैक्टीरिया का नाश करती है.
जोड़ों की समस्याओं वाले लोग और गर्भवती महिलाएं इस मिश्रण का सेवन करने से पहले चिकित्सक से सलाह लें. बच्चों को भी इस औषधीय पानी का सेवन कराने से पहले परामर्श लेना आवश्यक है.