ऑस्कर 2026: ‘सिनर्स’ ने जीते 4 अवॉर्ड, बेस्ट एक्टर का खिताब भी हासिल किया

मुंबई, 16 मार्च: 98वें अकादमी पुरस्कार समारोह में फिल्म ‘सिनर्स’ ने 4 ऑस्कर अवॉर्ड जीते हैं, जबकि पॉल थॉमस एंडरसन की “वन बैटल आफ्टर अनदर” ने 6 अवॉर्ड अपने नाम किए. ‘सिनर्स’ ने 16 कैटेगिरी में नॉमिनेट होकर एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया.

रेयान कूगलर को ‘सिनर्स’ के लिए ‘बेस्ट ऑरिजनल स्क्रीनप्ले’ का अवॉर्ड मिला, जो उनका पहला ऑस्कर है. इससे पहले, उन्होंने क्रिटिक्स चॉइस अवार्ड्स, गोल्डन ग्लोब्स, बाफ्टा और डब्ल्यूजीए अवार्ड्स में भी यह पुरस्कार जीता था.

लुडविग गोरान्सन ने ‘सिनर्स’ के लिए बेस्ट ऑरिजनल सॉन्ग का दूसरा ऑस्कर जीता. यह उनका तीसरा ऑस्कर है. उन्हें पहले ‘ब्लैक पैंथर’ और ‘ओपेनहाइमर’ के लिए भी पुरस्कार मिल चुके हैं. बेस्ट ऑरिजनल सॉन्ग के नॉमिनेशन में उनकी प्रतिस्पर्धा अमेरिकी गायक राफेल सादिक के साथ थी.

ऑटम ड्यूराल्ड अर्कापॉ ने ‘सिनर्स’ के लिए बेस्ट सिनेमैटोग्राफी का पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया. उन्होंने मंच से सभी महिलाओं का धन्यवाद किया. फिल्म का अंतिम और सबसे बड़ा अवॉर्ड भी ‘सिनर्स’ के खाते में गया, जब माइकल बी. जॉर्डन को बेस्ट एक्टर का खिताब मिला.

जॉर्डन ने फिल्म में डबल रोल निभाया था. उन्होंने मंच से सभी अश्वेत ऑस्कर विजेताओं का आभार व्यक्त किया, जिसमें सिडनी पोइटियर, डेनजेल वाशिंगटन, हाले बेरी, जेमी फॉक्स, फॉरेस्ट व्हिटेकर और विल स्मिथ शामिल थे.

Leave a Comment